दिल्ली में 22 किमी लंबा यमुना रिवरफ्रंट विकसित होगा

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में यमुना नदी के किनारे 22 किलोमीटर लंबा रिवरफ्रंट विकसित किया जाएगा। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने यह फैसला यमुना के जलस्तर को ध्यान में रखते हुए लिया है, जिससे न केवल नदी का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।इसके निर्माण से शहर के लोग भाग दौड़ से दूर दो पल सुकून के गुज़ार सकते हैं।

इस परियोजना के तहत वजीराबाद से ओखला तक यमुना के किनारे कई आकर्षक स्थल बनाए जाएंगे। रिवरफ्रंट को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि लोग नदी के किनारे घूम सकें, प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकें और पर्यावरण को भी कोई नुकसान न पहुंचे।

इसे भी पढ़ें: आगरा में ऐतिहासिक गार्डन का नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू

नदी के किनारे जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए कई पार्क विकसित किए जाएंगे। वासुदेव घाट, यमुना वाटिका और अन्य पार्क बनाए जाएंगे, जहां लोग बैठकर नदी का आनंद ले सकेंगे। परियोजना के तहत नदी की सफाई और उसे प्रदूषण मुक्त करने के उपाय किए जाएंगे।

डीडीए ने इस प्रोजेक्ट को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत तैयार करने का फैसला किया है। अभी तक कई परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि कुछ का काम जारी है। निर्माण में पर्यावरण के अनुकूल सामग्रियों जैसे बांस, पत्थर और बजरी का उपयोग किया जाएगा, जिससे यमुना का प्राकृतिक स्वरूप बना रहेगा।

यह रिवरफ्रंट न केवल दिल्ली के लिए बल्कि पूरे एनसीआर के लिए एक बेहतरीन पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन स्थल साबित होगा।