गुरुग्राम में नई फूल मंडी का निर्माण होगा: नायब सिंह सैनी

गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम के सेक्टर 52 में 8.26 एकड़ भूमि पर एक नई फूल मंडी बनाने की घोषणा की है। इस घोषणा से किसान और फूलों से जुड़े लोग बहुत खुश हैं। इससे स्थानीय फूल उत्पादकों को फायदा मिलने के साथ-साथ व्यापारियों को भी कम लागत में ताजे फूल प्राप्त होंगे।

गुरुग्राम में फूलों की मांग बहुत अधिक है, लेकिन स्थानीय किसानों को अपने फूल बेचने के लिए दिल्ली का रुख करना पड़ता है, जिससे उनकी लागत बढ़ जाती है। हालांकि, नई फूल मंडी बनने से उन्हें कहीं और जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

गुरुग्राम और आसपास का इलाका कई तरह के फूलों, जैसे गेंदा, गुलदाउदी और देशी गुलाब की खेती के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन सही बाजार के अभाव के कारण किसानों को अधिक मुनाफा नहीं हो पाता। फूल मंडी बनने से हालात बदलेंगे और किसान फूलों की खेती की ओर अधिक प्रेरित होंगे।

इसे भी पढ़ें: मांगेआना एक्सपो 2025:  बागवानी में नई तकनीकों से रूबरू हुए किसान

राज्य सरकार ने जहां फूल मंडी बनाने की योजना बनाई है, वहां पहले मलबा डंप किया जाता था। नगर निगम ने वहां से कूड़ा हटाने का काम शुरू कर दिया है। फूल मंडी के विकास की जिम्मेदारी बागवानी विभाग को सौंपी गई है। नगर निगम पहले इलाके को साफ करेगा, जिसके बाद मंडी के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।

नई फूल मंडी के निर्माण की घोषणा के साथ ही गुरुग्राम में फूलों की खेती को बढ़ावा मिलने की संभावना बढ़ गई है, जिससे किसानों की आय में इजाफा होने के साथ-साथ व्यापारियों को भी कम लागत में फूल उपलब्ध होंगे। सरकार का यह कदम शहर और उसके आसपास के आर्थिक व पर्यावरणीय विकास को तेजी से बढ़ाने में मदद करेगा।