दिल्ली में खिले रंग-बिरंगे ट्यूलिप ने बढ़ायी पार्कों की रौनक

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में इन दिनों चारो ओर रंग-बिरंगे फूल खिले हुए हैं, जो लोगों का मन मोह रहे हैं। वेलेंटाइन डे भी नजदीक है, जिससे फूलों की अहमियत और बढ़ गई है। खासतौर पर दिल्ली में खिले ट्यूलिप शहर की सुंदरता को चार चांद लगा रहे हैं।

दिल्ली के चाणक्यपुरी, टाकाटोरा गार्डन और कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ट्यूलिप लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। NDMC ने शहर के कई अन्य स्थानों पर भी ये फूल लगाए हैं, जिससे शहर में एक नई रंगत आ गई है। वेस्ट टू वंडर और शहीद पार्क में भी ट्यूलिप खिल रहे हैं, जहां लोग इन्हें देखने और सेल्फी लेने पहुंच रहे हैं। सुबह सैर करने वाले और दिल्ली घूमने आए पर्यटकों के लिए ये पार्क एक खूबसूरत पर्यटन स्थल बन गए हैं।

इसे भी पढ़ें: भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच बागवानी के क्षेत्र में बढ़ेगा सहयोग

इस साल दिल्ली में करीब 5.50 लाख ट्यूलिप दिसंबर महीने में रोपे गए थे। NDMC के साथ-साथ DDA ने भी कई पार्कों में ट्यूलिप लगाए हैं। खास बात यह है कि NDMC ने ये ट्यूलिप नीदरलैंड से मंगवाए हैं।

NDMC ने शहर में कई स्थानों पर जैसे शांतिपथ, लोदी गार्डन, टाकाटोरा गार्डन और अन्य जगहों पर फूलों की बिक्री काउंटर भी लगाए हैं, जहां से लोग ट्यूलिप खरीद सकते हैं। यहां से कोई भी जाकर फूल कम कीमत पर खरीद सकता है, ताकि उनके घरों की खूबसूरती में इज़ाफ़ा हो सके। विभिन्न रंगों के ट्यूलिप के कारण दिल्ली के पार्कों  और सड़कें की सुंदरता बढ़ गई है। वेलेंटाइन डे के मौके पर इन फूलों की मांग और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।