नोएडा में पुष्प प्रदर्शनी का भव्य आगाज
नोएडा: नोएडा के शिवालिक पार्क, सेक्टर-33 में चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी की भव्य शुरुआत हो गई है। इस शानदार प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने किया। प्रदर्शनी में चार हजार से अधिक फूलों की प्रजातियों को पेश किया गया है। इसके अलावा, फूलों से निर्मित 19 आकर्षक मॉडल लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
इनमें काशी विश्वनाथ मंदिर, हाथी, आम, शंख, चक्र और आठ फीट का महाकुंभ कलश विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इस प्रदर्शनी में 10 से अधिक राज्यों के राजकीय पुष्प प्रदर्शित किए गए हैं। गुलाब, शेवंती, पेटुनिया, बेगोनिया, कैलेंडुला, मैरीगोल्ड, डायम्बस, जिनिया जैसे कई देसी-विदेशी फूल यहां देखने को मिल रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: सदाबहार का फूल: सौंदर्य और त्वचा के लिए वरदान
नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण और फ्लोरीकल्चर सोसाइटी के सहयोग से आयोजित इस 37वीं पुष्प प्रदर्शनी में 80 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। यहां न केवल फूलों की विभिन्न प्रजातियां देखी जा सकती हैं, बल्कि पौधों की देखभाल और बागवानी से जुड़ी जानकारी भी विशेषज्ञों द्वारा दी जा रही है।
प्रदर्शनी में सब्जियों पर नक्काशी कला, रंगोली, वर्टिकल गार्डन और हैंगिंग बास्केट्स जैसी कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं। फूलों से बनी विशाल केतली और कप लोगों के लिए खास सेल्फी पॉइंट बन चुके हैं।
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि नोएडा अब किसी परिचय का मोहताज नहीं है। यह शहर लगातार प्रगति कर रहा है और इस तरह के आयोजनों से इसकी पहचान और मजबूत होती है। सीईओ डॉ. लोकेश एम ने कहा कि प्रदर्शनी प्रकृति प्रेमियों के लिए एक बेहतरीन अवसर है, जिससे हम सभी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरणा मिलती है।लोग यहाँ फूलों की सुंदरता का आनंद उठाने के साथ-साथ प्रकृति से जुड़ने का अनोखा अनुभव भी ले सकते हैं।