अमर उजाला पुष्प प्रदर्शनी 2025: तीन दिन तक महकेगा परिसर

बरेली: अमर उजाला परिसर में तीन दिन तक रंग-बिरंगे फूलों की खूबसूरती बिखरेगी। कैक्टस और बोन्जाई के अनोखे संसार के साथ बागबानी प्रेमियों का यह खास आयोजन 21 फरवरी से 23 फरवरी 2025 तक चलेगा। पुष्प प्रदर्शनी में शहरभर के बागवानी प्रेमी शामिल होंगे और अपनी बेहतरीन प्रविष्टियाँ पेश करेंगे। प्रदर्शनी में सीजनल फ्लावर, कट फ्लावर, असाधारण वैरायटी कैक्टस, बोन्जाई और गार्डन वर्ग में प्रविष्टियाँ शामिल की जाएंगी।

इसे भी पढ़ें: डीयू में मियावाकी विधि से हरित क्षेत्र का विस्तार

प्रविष्टियाँ 21 फरवरी की सुबह 9 बजे से दोपहर तक अमर उजाला परिसर में जमा कराई जा सकती हैं। भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को 20 फरवरी तक पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल की ओर से सबसे खास प्रविष्टि का चयन किया जाएगा। 23 फरवरी को प्रदर्शनी के अंतिम दिन विजेताओं को पुरस्कार और प्रशस्तिपत्र दिए जाएंगे। निर्णायक मंडल में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रो. आलोक श्रीवास्तव, प्रो. संजय कुमार गर्ग और बरेली कॉलेज के वनस्पति विभाग के अध्यक्ष प्रो. आलोक खरे शामिल होंगे।

यह आयोजन बदलते मौसम का अहसास कराने और जीवन को उत्साह के साथ जीने का संदेश देने के लिए किया जा रहा है। फूलों की खूबसूरती मन को सुकून देती है, और यह प्रदर्शनी प्रकृति प्रेमियों के लिए एक शानदार अवसर होगी। प्रदर्शनी स्थल पर सेल्फी प्वाइंट भी होगा, जहाँ आगंतुक फोटो लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर सकेंगे।