बागवानी फसल किसानों की आय बढ़ाने में कारगर होगी: विशेषज्ञ

कुरुक्षेत्र: किसानों की आय बढ़ाने  के लिए बागवानी फसलों को अपनाना जरूरी है। खासकर प्याज और लहसुन की खेती किसानों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है। यह बात महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय करनाल के कुलपति डॉ. एस.के. मल्होत्रा ने कही। उन्होंने यह बात  पंचायत भवन में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय संगोष्ठी के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कहा । यह संगोष्ठी केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रायोजित ‘एकीकृत राष्ट्रीय बागवानी विकास मिशन’ के अंतर्गत आयोजित की गई।

डॉ. मल्होत्रा ने कहा कि किसानों को प्याज-लहसुन की उन्नत किस्मों, उत्पादन तकनीक और कटाई उपरांत प्रबंधन की जानकारी लेनी चाहिए। इसके लिए वे कृषि विज्ञान केंद्रों व बागवानी विश्वविद्यालयों से जुड़ सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 14 नए बागवानी विज्ञान केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से सात पर कार्य शुरू हो चुका है।

इसे भी पढ़ें: नाशपाती के बगीचों में फ्लावरिंग चरम पर, बंपर फसल की उम्मीद

संगोष्ठी में सलारू स्थित अनुसंधान केंद्र के सहायक निदेशक डॉ. आलोक सिंह ने प्याज-लहसुन पर चल रहे अनुसंधान व बीज उत्पादन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फसल की लागत घटाकर उत्पादन और आय बढ़ाना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के डॉ. बलवान सिंह मंडल और कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. बलजीत सिंह सहारण ने भी किसानों को तकनीकी व प्राकृतिक खेती की जानकारी दी। संगोष्ठी में करीब 300 किसान भी शामिल हुए।