Lucky Plants for Deepavali : दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व सारे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन लोग घरों में दीये जलाते हैं और तरह तरह की रौशनी से अपने घरों को सजाते और संवारते हैं। पूरे भारत में इस पर्व का अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। इस दिन पूरा देश दीये को रोशनी से जगमगा उठता है। मान्यता है कि दीपावली के पर्व पर कुछ विशेष प्रकार के पौधे घर में लगाने से वर्ष भर सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बना रहता है साथ ही जीवन में सुख और समृद्धि का मार्ग भी खुलता है। आइए नर्सरी टुडे में जानते हैं दीपावली के पर्व पर कौन कौन से पौधे घर में लगाकर आप अपनी सुख समृद्धि का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं।
वैसे तो सनातन धर्म में तुलसी के पौधे को बहुत ही शुभ माना जाता है और अधिकांश घरों में तुलसी का पौधा पाया ही जाता है, लेकिन दीपावली के अवसर पर घर में तुलसी का पौधा लगाना अत्यंत शुभ होता है। मान्यता है कि तुलसी के पौधे की सेवा करने से माता लक्ष्मी की कृपा सदैव बनी रहती है। चूंकि इस वर्ष दीपावली रविवार को पड़ रही है और मान्यता है कि रविवार के दिन तुलसी के पौधे को स्पर्श नहीं किया जाता इसलिए आप तुलसी का पौधा धनतेरस के दिन ही घर ला सकते हैं।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार हरसिंगार का पौधा भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को अत्यंत प्रिय है। हरसिंगार के फूलों के अर्पण से मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की कृपा बनी रहती है। हरसिंगार के पौधे को घर में लगाने से सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। यदि आपके घर में पहले से भी यह पौधा मौजूद हो तो भी आप इस दीपावली हरसिंगार का एक नया पौधा अपने घर अवश्य लाएं। साथ ही दीपावली पूजन के दौरान हरसिंगार के फूलों को माता लक्ष्मी को अर्पण करें इससे वर्ष भर आपको आर्थिक लाभ होगा और घर में सुख समृद्धि बनी रहेगी।
वास्तु और फेंगशुई के लिहाज से मनी प्लांट हमेशा ही सुख और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इसके दिल की आकार की पत्तियां घर में समृद्धि और सकारात्मकता लाती है। मनी प्लांट को दिवाली के दिन लगाने से आपके घर में माता लक्ष्मी का आगमन होता है और हमेशा समृद्धि बनी रहती है।
अपराजिता के पौधे को किसी भी पूजा पाठ के लिए बहुत शुभ माना जाता है। अपराजिता के पौधे और फूल को माता लक्ष्मी का प्रिय फ़ूल माना जाता है और यदि आप इसे दिवाली के दिन घर में लगाती हैं तो ये आपके घर में खुशहाली के मार्ग खोल सकता है। इस पौधे को घर में लगाने से आपको आर्थिक स्थिति ठीक हो सकती है और आपको खुशहाल जीवन का आशीर्वाद मिलता है।