नोएडा फ्लावर शो में 4000 से अधिक पुष्प प्रजातियों का दीदार करेंगे लोग

नोएडा: नोएडा सेक्टर-33 के शिवालिक पार्क में 20 फरवरी से एक फ्लावर शो का आयोजन होने जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस एक्सपो में लोग 4000 से अधिक प्रजातियों के पुष्पों का दीदार कर सकेंगे। इस पुष्प मेले में 35 फीट ऊंचा बाबा विश्वनाथ का मंदिर लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजक इस प्रदर्शनी को सफल बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे हैं।

उद्यान विभाग की प्रभारी व एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी (Flower Show) में सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। पार्क का लैंडस्केप फ्लावर शो के लिए तैयार किया जा रहा है। यहां काशी विश्वनाथ मंदिर के अलावा प्रदेश के अन्य मॉन्यूमेंट्स को भी फूलों से बनाया जाएगा। इसके अलावा, जंगली जानवरों की एक अलग गैलरी भी होगी, जिसे विभिन्न प्रजातियों के फूलों से सजाया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: छत पर उगाएं फल, पाएं प्रदूषण और गर्मी से राहत

हैंडीकैप्ड बच्चों के लिए इस फ्लावर शो में पहली बार पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा मौका मिलेगा। एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने बताया कि शो के दूसरे दिन प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जबकि पहले दिन बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इस शो में पेड़ों के रखरखाव से लेकर कचरे से ऑर्गेनिक खाद बनाने के तरीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

आगामी फ्लावर शो में उद्यान प्रेमियों की ओर से 80 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा, इस मेले में बीज, खाद, पौध, खेती के औजार, उद्यान का सजावटी सामान, कीटनाशक और गमले भी प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजक इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जल्द ही शुरू करने वाले हैं।