जैविक खेती के साथ गेंदे की खेती से किसानों को मुनाफा
बस्ती: बस्ती जिले के किसानों में जैविक खेती के साथ-साथ फूलों की खेती का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। कम लागत और मेहनत में अच्छी आमदनी मिलने के कारण किसान गेंदे की खेती की ओर आकर्षित हो रहे हैं। नगर पंचायत नगर बाजार के माली टोला निवासी सलामुद्दीन जैविक खेती के साथ गेंदे की खेती कर हर सीजन में 30 से 40 हजार रुपये तक कमा रहे हैं। सलामुद्दीन के अनुसार, एक बीघा जमीन पर गेंदा उगाने में नर्सरी और खाद पर सिर्फ 2,500 से 3,000 रुपये की लागत आती है। साथ ही, इस खेती में नुकसान का जोखिम भी कम है क्योंकि जंगली जानवर और छुट्टा पशु गेंदे की फसल को नुकसान नहीं पहुंचाते।
इसे भी पढ़ें: नए साल पर फूलों की बढ़ी मांग, गुलाब का जादू बरकरार
गेंदे की खेती की खासियत यह है कि सिर्फ ढाई से तीन महीने में फसल तैयार हो जाती है। बाजार में गेंदा 100 से 120 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। शादियों और त्योहारों के मौसम में इसकी मांग और बढ़ जाती है।
सलामुद्दीन ने बताया कि गेंदा मुख्यतः ठंडी जलवायु की फसल है और इसे मानसून, सर्दी और गर्मी, तीनों मौसमों में उगाया जा सकता है। जुलाई के पहले सप्ताह में बुवाई करने पर अक्टूबर से अप्रैल तक अच्छी पैदावार होती है। हालांकि, सितंबर में लगाई गई फसल सबसे बेहतर उपज देती है।
गेंदे की खेती ने किसानों के लिए नई संभावनाएं खोल दी हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है और मेहनत भी कम लग रही है।