लद्दाख में गर्मियों की शुरुआत के साथ पौधारोपण अभियान तेज

    21-Apr-2025
Total Views |

लद्दाख: गर्मियों के आते ही लद्दाख में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बड़ा अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत कारगिल में बड़े पैमाने पर फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं। लद्दाख में पौधों की कमी के कारण बारिश के समय भूस्खलन और ज़मीन के कटाव जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। नदी और नाले उफान पर आने से उपजाऊ मिट्टी बह जाती है, जिससे निचले इलाकों को नुकसान होता है। इस स्थिति को सुधारने के लिए कारगिल में बागवानी विभाग, सामाजिक संस्थाएं, धार्मिक संगठन और युवा मिलकर पौधे लगाने में जुट गए हैं।

इसे भी पढ़ें: होली में इस बार सेब की बंपर फ्लावरिंग, बागवानों में नई उम्मीद

बागवानी विभाग ने कश्मीर से सेब, नाशपाती, चेरी और बेर की बेहतरीन किस्मों के करीब 72,000 पौधे मंगवाए हैं। इन पौधों को खुरबाथांग, चिकतन और बटालिक जैसे इलाकों में लगाया जा रहा है। इस साल कारगिल में कुल तीन लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वन विभाग के साथ कई सामाजिक संगठन भी इसमें योगदान दे रहे हैं। इसके अलावा, धार्मिक संगठन जमायत उल उलेमा इस्ना अशरिया ने ‘अल हिंमालया ग्रीन मिशन’ और जिला प्रशासन के साथ मिलकर एक लाख पौधे लगाने का अभियान शुरू किया है।

कारगिल के कार्यकारी पार्षद आगा सैयद मुजतबा ने बताया कि जिले में अच्छी किस्मों के फलदार पौधे लगाकर बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है। कश्मीर से लाए गए ग्राफ्टेड पौधे कम समय में तैयार होकर अधिक फल देते हैं। किसानों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे इन पौधों को अपनी ज़मीनों में लगाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय बदलावों को ध्यान में रखते हुए जिले में हरित क्षेत्र को बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।